प्योली और चिड़िया

अनिल कार्कीअनिल कार्की20 Sept 1986

1 min read · 12.4K reads

 

वह खिली
वसंत के पहले दिन
किसी पथरीली ज़मीन पर
इसी तरह होता है पुनर्जन्म
स्त्री का।

मेरी ईजा1 का तो यहाँ तक विश्वास है कि
स्त्री मरने के बाद चिड़िया बनती है
या फिर बनती है फूल।

वह बदला नहीं लेती
फूल बनना ही होता है एक दिन
उठी बंदूक़ का मक़सद भी
या कि घर की चौहद्दियों से पार जाते क़दमों का मक़सद भी
चिड़िया बनना ही होता है

जब निपट लाल रंग हरियाता है
तो पीले रंग में बदल जाता है
तब पथरीली ज़मीनों पर प्रेमिका बनी स्त्री
सबसे पहले वसंत का परचम लहराती है
गाती है कहीं किसी डाने2 में
साल3 पर बैठकर चिड़िया।

______

प्योली : एक जंगली पीला फूल। कुमाऊँ में जिसके साथ स्त्री के पुनर्जन्म की कथा का मिथक जुड़ा है।

अनिल कार्की
About the poet

अनिल कार्की

View profile & all 30 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like