पलटनिया पिता-3 - अनिल कार्की

अनिल कार्कीअनिल कार्की20 Sept 1986

4 min read · 12.4K reads

पलटनिया पिता
तुम जब लौटोगे
भूगोल और देश की सीमाओं से
कभी मनुष्यता की सीमा के भीतर
जेब से बटुआ निकाल लोगे
निहार लोगे
ईजा (माँ) की फोटुक
बच्चों की दन्तुरित मुस्कान
जाँच लोगे मेहनत की कमाई
एक दिहाड़ी मजदूर की तरह

कहीं किसी पहाड़ी स्टेशन में
(जो अल्मोड़ा भी हो सकता है)
उतरोगे बस से
बालमिठाई के डब्बों के साथ
पहुँचोगे झुकमुक अंधेरे में
अपने आँगन
मिठाई के डब्बे से
निकाल लोगे एक टुकड़ा मिठाई

मुलुक मीठी मिठाई-सा
घुल आयेगा बच्चों की
जीभ पर
जबकि देश पड़ा रहेगा
लौट जाने तक
रेलवे टिकट के भीतर
या संसद में होती रहेगी
उसके संकटग्रस्त होने की चर्चा
अनिल कार्की
About the poet

अनिल कार्की

View profile & all 30 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like