मौसम बहुत तल्ख़ है
और लोग सख़्त उदास
उस संत की याद में
जो वसंत चाहता था
अपने साथियों के लिए
सुनहरा वसंत
वह संत यहाँ आया था
बेबाक और छलछलाती हँसी होंठों में छिपाए
साहसी और प्यारी आँखों वाला
एक क़द्दावर पेड़
लोगों के बीच उग आया था
उसने उन ख़ामोश आँखों में
बेपनाह तकलीफ़ देखी थी
और सोचा था कि
वह उन क्यारियों में रक्तमुखी फूल उगाएगा
उसने लोगों से कहा था—
सोचो ज़रा!
सबके लिए एक-सा आता है वसंत
फिर हमारा मौसम
इतना तल्ख़ क्यों होता है?
प्रार्थनारत जनपद
प्रतिज्ञाबद्ध हुआ था तब
तल्ख़ मौसम से
अंतिम मुक्ति के लिए
उसने लोगों के सुर्ख़ रक्त में
ईंधन भर दिया था
और वे दहकने लगे थे
सूरज की तरह
अपने सिर हाथों में थामे
सड़कों पर निकल आए थे
दिनानुदिन
फैलने लगा था
सुर्ख़ ख़ून का सैलाब
सारे देश में
उबलते लावे की मानिंद
यह युद्ध का आदिकरण था
सुनहरे वसंत के लिए युद्ध
उन्होंने मधुपर्व को चुना था
वसंत की अंतिम लड़ाई के लिए
और मधुमक्खियों को
छत्ते में घेरने का निर्णय लिया था
यकायक
युद्ध की तैयारियाँ
धूमधाम
सब कुहराम में बदल गई थीं
क़द्दावर संत
कटे पेड़-सा गिर पड़ा था
उबलते लावे का उछलता-डोलता सोता
सफ़ेद बुराक़ बर्फ़ में बदल गया था
नदियों के भीगे किनारों पर
श्मशान की आत्मा झुकी हुई थी
घनघना रही थीं घंटियाँ
ताज़ा बिछी क़ब्र पर
अब
मौसम की तल्ख़ी बहुत बढ़ गई है
और लोग
वसंत के लिए लड़ाई पर हैं








