अब वह नहीं आती

अनिल जनविजयअनिल जनविजय28 Sept 1957

1 min read · 12.4K reads

 

रोज़ी वट्टा के लिए

एक अरसा बीत गया
अब वह नहीं आती
उसकी याद आती है

तब वह आती थी
ख़ूबसूरत, नन्हे ख़रगोश की तरह
हड़बड़ाती हुई
प्रेम में बेचैन, तड़फड़ाती हुई

वह आती थी
अधसोई-सी, अधजागी-सी
थकी हुई-सी, भागी-सी
लापरवाह अपने चारों ओर से
ढूँढ़ रही हो ज्यों मुझे भोर से

प्रेम में मेरे डूबी थी ऐसे
समुद्र-सी उन्मत्त, पागल हो जैसे
आते ही मुझसे यूँ लिपट जाती थी
उमंग से मेरी फटने लगती छाती थी

कभी वह आती थी उदास, कँपकँपाती हुई
ख़ामोश रहती थी, बात नहीं करती थी
कभी घर-भर में या बाहर कभी लान में
चक्कर काटती रहती थी मौन
मेरे मन को अपनी उदासी से दहलाती हुई

कभी वह घंटियों की तरह घनघनाती आती थी
बच्चों की तरह मुझे दुलराती थी
मेरे बालों में उँगलियाँ फिराती थी
मेरे माथे पर, नाक पर, गालों पर, होंठों पर
अपने ऊष्म, गर्म चुंबन चिपकाती थी
मेरी मूँछों को, पलकों को, भौहों को, कानों को
नन्ही, गोरी, पतली उँगलियों से सहलाती थी
बारिश की रिमझिम-सा स्नेह बरसाती थी

वह आती थी
अब नहीं आती
उसकी याद आती है

अनिल जनविजय
About the poet

अनिल जनविजय

View profile & all 70 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like