ब्लैक-होल - अनिल गंगल

अनिल गंगलअनिल गंगल

7 min read · 12.4K reads

जो दौड़े जा रहे हैं बगटुट किसी अज्ञात अनन्त की ओर
नहीं पढ़ी हो उन्होंने शायद बचपन में
आसमान के धरती पर गिरने की कथा
फिर भी भागे जा रहे हैं वे
पता नहीं किसे पीछे छोड़ते हुए
और किससे आगे निकलने के लिए

क़यास है उनका
कि बस गिरने ही वाला है आसमान उनके सिरों पर

हालाँकि उनके मत से
हो चुका है सृष्टि के कोनों-अन्तरों में पसरे विचारों का अन्त
फिर भी भयभीत हैं वे
कि दिमाग़ की भूलभुलैयों में वयस्क हो रहे
ईर्ष्या, द्वेश ,हिंसा, प्रतिहिंसा और रक्तपात पर
बस गिरने ही वाला है आसमान

डर है उन्हें
कि बचा रहेगा पृथ्वी पर अगर एक भी सकारात्मक विचार
तो कैसे चल पाएगी उनकी अपराधों से अँटी दुकान

उन्हें देख
भागे जा रहे हैं दुनिया की आपाधापी में फँसे जन
अपने घर-मढ़ैयों, ज़मीनों, दुकानों को पीछे छोड़ते
और आख़िर में कहीं अन्तरिक्ष में खोए
किसी सुदूर ग्रह से सुनाई देती एक मासूम पुकार को
आसमान के तले दबी चीख़ के नीचे
दफ़्न होने से बचाने के वास्ते

बहुतेरे अजनबी चेहरे हैं इस भागमभाग में
जो नहीं जानते
कि क्यों दौड़े जा रहे हैं वे दुनिया के निर्वात में निरुद्देश्य
बस, दौड़े जा रहे हैं वे एक ही और अन्तिम लक्ष्य के साथ
कहीं भी न पहुँचने के लिए
ठीक वैसे ही
जैसे इस दौड़ में अपनी धुरी पर घूम रहे हैं धरती और ग्रह-नक्षत्र
ब्लैक-होल की तरफ़ लुढ़कते हुए।
अनिल गंगल
About the poet

अनिल गंगल

View profile & all 24 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like