ताज़िम अँसारी दि होलोकास्ट - अनिल अनलहातु

अनिल अनलहातुअनिल अनलहातु17 Sept 1972

16 min read · 12.4K reads

उनके चेहरे से
जैसे टपक पड़ती हो
हज़ार वर्षों की विनम्रता
या नम्रता
या की ...लाचारगी, बेचरगी, विवशता।
वे खड़े हैं यूँ
जैसे अपने होने के बोध से
खुद ही गड़े जा रहे हों शर्म से।
विगलित करुणा की प्रस्तर मूर्ति।
वे देवी प्रसाद मिश्र (1) के शबाना नहीं हैं
कलाम भी नहीं
मीर और मोमीन भी नहीं
वे खुसरो और गालिब भी नहीं हैं।
समाज के आखरी पायदान के नीचे खड़े
अंतिम आदमी रेंधू-मुर्मू ...
ज्यों किसी संथाल, माँझी, मंडल, महतो या धीवर के
चेहरे पर चिपकी हो मुसलमानी दाढ़ी
देर तक, दूर तक...ज़ार-ज़ार रोकर चुप हुए बच्चे के
सूखे आँसुओं के लकीरों के बीच
बनता व बिगड़ता एक चेहरा...ताज़िम अँसारी।
चीखता है कोई एक
मेरे भीतर जोरों से
मैं मुसलमान होना चाहता हूँ
मैं मुसल्लह ईमान होना चाहता हूँ
मैं ताज़िम अँसारी वल्द रहमलि मियाँ होना चाहता हूँ।
ताज़िम अँसारी
—————
रहमलि मियाँ
झरी मियाँ, विनोद मियाँ, दौलत मियाँ
चरकु मियाँ
————————
इदरिस महतो, बुधु मियाँ का पड़पोता
मैं पूछता चाहता हूँ कि
बुधु मियाँ
बुधु उराँव
बुधु मुंडा
...
बुधु होर
ही
दि होलोकास्ट (2) का काष्ठ–शिल्प
क्यों बनाता है।
एक व्यक्ति
एक पूरे समुदाय को
उसकी पूरी परंपरा से काट देना
उनके नाम, उनकी पहचान तक छिन लेना
उन्हें उनकी ही ज़मीन से / धर्म से / आस्था से
बेदखल कर देना
कितनी बड़ी हिंसा है?
क्या यही वह होलोकास्ट नहीं है
जो उनकी चेतना में पिछले हज़ार वर्षों से
व्याप्त है?
क्या वे आदिवासी हैं
क्या वे दलित मज़दूर–किसान हैं
या मुसलमान हैं?
ताज़िम अँसारी
वल्द रहमलि मियाँ
वल्द झरी मियाँ वल्द विनोद मियाँ वल्द दौलत मियाँ
वल्द चरकु मियाँ वल्द
इदरिस महतो
क्या वे फारस से आए थे?
या तूरान, फरगना, सिस्तान से आए थे?
क्या वे समरकंद, बुखारा, तुर्किस्तान से आए थे?
श्रीनगर के पुरातात्विक स्थल बुर्ज़ाहोम (3) में
 तीन हज़ार वर्ष पुरानी पिट ड्वेलर्स की सभ्यता को समझाते
मकबूल भट्ट से मकबूल बट्ट कैसे हो जाते हैं
बहिष्कृत भारत क्या इसी भारतवर्ष में
बहिष्कृत नहीं है?
क्या उनकी बोली में
आपको शकीरा के गयन का
आर्त्त रूदन नहीं सुन पड़ता?
नाम और पहचान मिटा देने के बाद भी
भाषा ही है
जिसे आप छिन नहीं सकते ...
दूर किसी मस्जिद से
अज़ान की आवाज़ आती है
ताज़िम अँसारी
 (अपनी ही ज़मीन से बेदखल)
खेत की मेड़ों पर
नमाज़ पढ़ रहें हैं
और दिल्ली की सत्ता के गलियारों में
भिंचे सख्त चेहरे और
बल पड़े भौहों के लिए कुख्यात
एक नौकरशाह
सज़दे में झुका हुआ है
ताज़िम अँसारी के
‌‌‌‌‌‌‌———————
पुनश्च
न जाने किस गुनाह की माफी में
और यही वह क्षण है
जब सभ्यता और सत्ता का आभिजात्य
घुटने टेकता है
किसी ताज़िम अँसारी के सामने।
——————————————————
सन्दर्भ: (1) देवी प्रसाद मिश्र की कविता मुसलमान यहाँ सँदर्भित है।
 (2) कोलकाता के विक्टोरिया मेमोरियल सँग्रहालय में प्रदर्शित बुधु होर का काष्ठ-शिल्प THE HOLOCAUST का सँदर्भ है। इसे आप www. facebook. com / anilanalhatu पर देख सकते हैं।
 (3) श्री मकबूल बट्ट श्रीनगर के पुरातात्विक स्थल बुर्ज़ाहोम जहाँ तीन हज़ार साल पहलेलोग ज़मीन में गड्ढे बनाकर रहते थें, जिसे Pit-Dwellers civilization कहते हैं, जोसँभवतःसिंधु घाटी सभ्यता से भी पुराने थी के भारतीय पुरातात्विक सोसाईटी की ओर से तैनात अधिकारी थे। मकबूल बट्ट, ताज़िम अँसारी, बुर्ज़ाहोम आदि के विडीयो www. facebook. com / anilanalhatu पर आप देख सकते हैं।
अनिल अनलहातु
About the poet

अनिल अनलहातु

View profile & all 25 Poems / Stories

More from अनिल अनलहातु

  1. बाबरी मस्जिद तथा अन्य कविताएँ - अनिल अनलहातु

    जन्म – बिहार के भोजपुर (आरा) ज़िले के बड़का लौहर-फरना गाँव में दिसम्बर 1972 में ।शिक्षा – मैट्रिक – बोकारो इस्पात उच्च विद्यालय, बोकारो। आई०एस-सी० – सन्त कोलंबस कालेज, हजारीबाग । बी०टेक०, खनन अभियन्त्रण- इण्यडिन स्कूल ऑफ़ माइंस ,धनबाद । कम्प्यूटर साइंस में डिप्लोमा, प्रबन्धन में सर्टिफिकेट कोर्स।

    12.4K reads
  2. मानवीय पीड़ा का ज़िगुरत - अनिल अनलहातु

    हमारे बहुत पहले उठने केबहुत पहले उठ जाती है,

    12.4K reads
  3. खुद के विरोध में - अनिल अनलहातु

    क्यों होता है ऐसाजब आदमी उठ खड़ा होता है

    12.4K reads
  4. अजान के पहले - अनिल अनलहातु

    मेरे भीतर से चलकरवह मुझ तक आया

    12.4K reads
  5. एक गुमनाम चिट्ठी - अनिल अनलहातु

    एक गुमनाम चिट्ठी बहुत दिनों से भूले एक मित्र के नामप्रिय भाई सात्यायन

    12.4K reads

More Poetry & Stories You May Like