बारिश की बूँदें हैं तुम्हारा प्रेम
कल सारी रात बरसता रहा आकाश
मैं एक पेड़ बन भीगता रहा
तुम मेरी जड़ों में घुलती रही रात भर
देखो न तुम्हारी छुअन से
पत्ती-पत्ती, डाल-डाल, फूल-फूल
दूर तक फैले घास
झिलमिला रहा है सब कुछ
बारिश से धुल कर सुबह की धूप
तुम्हारी कोमल हँसी की तरह पवित्र बन
मेरे चेहरे पर गिरती है
मेरे अंदर खिल उठते हैं कई-कई कमल
तुम खिड़कियों से दूर बहती
हुगली नदी-सा उद्दाम
इस वक़्त वह सागर जहाँ तुम्हें उतरना है
बंगाल की खाड़ी से उठती
मानसूनी हवाओं की नमी
तुम्हारे बालों को भिंगोती
तुम्हारी आँखों में उतर आई है इस वक़्त
इस वक़्त तुम्हारी आँखें
पड़ोस का ‘मीठा तालाब’ हो गई हैं
जहाँ सदा आकाश बन झिलमिलाता हूँ
जिसे तैर पार किया अनगिनत बार
पर आज न जाने क्यूँ
मैं डूबा जा रहा हूँ?








