प्रेम में पड़ी लड़की

आनंद गुप्ताआनंद गुप्ता19 Jul 1976

1 min read · 12.4K reads

वह सारी रात आकाश बुहारती रही

उसका दुपट्टा तारों से भर गया

टेढ़े चाँद को तो उसने

अपने जूड़े में खोंस लिया

खिलखिलाती हुई वह

रात भर हरसिंगार-सी झरी

नदी के पास

वह नदी के साथ बहती रही

इच्छाओं के झरने तले

नहाती रही ख़ूब-ख़ूब

बादलों पर चढ़कर

वह काट आई आकाश के चक्कर

बारिश की बूँदों को तो सुंदर सपने की तरह

उसने अपनी आँखों में भर लिया

आईने में आज

वह सबसे सुंदर दिखी

उसके हृदय के सारे बंद पन्ने खुलकर

सेमल के फाहे की तरह उड़ने लगे

रोटियाँ सेंकती हुई

कई बार जले उसके हाथ

उसने आज

आग से लड़ना सीख लिया।

आनंद गुप्ता
About the poet

आनंद गुप्ता

नई पीढ़ी के कवि। मूल नाम : आनंद गुप्ता जन्म : 19/07/1976 | कोलकाता, पश्चिम बंगाल

View profile & all 19 Poems / Stories