घास के लिए लोरी

अनाम कविअनाम कवि

2 min read · 12.4K reads

धरती की कठोरता ढाँपने

और सुख-दु:ख उसका व्यक्त करने

हवा में उड़ते बीजों में छिपकर

तो कहीं, लहरों से बहकर

तुम आ गईं दुनिया में

छितरा गईं हर तरफ़ बे-तरतीब

मजूरों के बालों की तरह

तुम्हारी नींद, हवा के थमने पर निर्भर है

वैसे तुम इस वक़्त

असंख्य पशुओं के पेट में जाकर

बन रही हो उनकी नींद

उनमें फैल रहे हैं सपने, धरती के

तुम लौटा रही हो, धरती को

और उर्वर बनाती हुई

मजूरों के हाथों, बनकर रस्सी

जा रही हो किसानों और आततायियों के बीच

तनी हो छप्पर बनकर

निर्मम मौसम के ख़िलाफ़

चिड़ियों के घोंसले तुमसे बुने हैं

तुम्हीं हो मनुष्य का अंतिम बिछौना

और आग की संवाहक

अपने नन्हें से नन्हें रोएँ पर

थामे हो ओस

गंगा के लिए तुम शिव की जटा न सही

फिर भी निरंतर खटते, करोड़ों भगीरथों की

बूँद-बूँद इच्छा को सहेजे हो

मिट्टी के निर्गम को रोकती, तुम फैली हो धरती पर ओर-छोर

तुम्हारे भीतर नींद ले रहे जीव-जगत के साथ

तुम्हें भी सो जाना चाहिए

हो जाना चाहिए हवा को शांत इस वक़्त

तुम्हारी जड़ें, धरती के अमृत में गड़ी हैं

तुम्हारा जीवन, हवा में उड़ते बीजों में छिपा है

तुम छिपी हो पक्षियों की बीट में, जल में और थल में

धरती के उजाड़ उपेक्षित कानों तक फैली है तुम्हारी वंशबेल

खुले आसमान के नीचे

निर्भय और झूमकर जीना सिर्फ़ तुम जानती हो

इस वक़्त जब हवा,

सूखी पत्तियों के साथ खेलने

कहीं दूर निकल गई है

इस वक़्त, तू सो जा,

सो जा, कि आततायी पड़े हैं तेरी जड़ों में निढाल

मादाओं के थनों में

तू उतर रही है दूध बनकर इस वक़्त

तेरे होने से, धरती पर रौनक़ है

सो जा अपने ही अमर और असमाप्त सपनों में

अपने अनंत आकारों के साथ, तू सो जा

सो जा, तारों को गिनते-गिनते

धरती की सबसे विनम्र

और बेनाम पहचान

सो जा, इस वक़्त।

अनाम कवि
About the poet

अनाम कवि

अज्ञातकुलशील कवि। प्रसिद्ध हिंदी साहित्यकार दूधनाथ सिंह की खोज। मूल नाम : अनाम कवि

View profile & all 0 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like

कुछ नहीं चाहने वाली लड़कीसोलह की यह लड़की दो-तीन साल पहले तकपेड़-पौधों पर रखती थी पाँव— ऐश्वर्य राजभूमिहीनभूख के शिकार पर निकले ये शिकारीएकदम मुकम्मल आदमी हैं— हुकुम ठाकुरआओ मिट्टी-मिट्टी खेलेंहमें आँतों से सोचना होता हैसुबह और शाम की पालियों में कटता दिन— हुकुम ठाकुरसपनों की लाशेंशायद हम एक ऐसी दुनिया से विदा लेंगे जहाँ,क़ातिल ख़ुद से ही बरी कर लेता है ख़ुद को।— फ़रीद ख़ाँमेरा यह शब्दसमूह(तरुण कवियों के हाथ में)स्वप्न-वाटिका छूकर आते हुए मेरे इन शब्दों में जीवन-धारा की सुषमा— हीरेन भट्टाचार्यपृथ्वी मेरी कवितामेरी क़लम लोहार के हाथ का हथौड़ा, ठोंक-पीट कर बनाता हूँ शब्दकिसान के फाल जैसा पैना; हलरेखा में सोने की सीता,— हीरेन भट्टाचार्य