मैं उस भिक्षुक से दरिद्र हूँ—प्रार्थना के बदले
जिसे देने के लिए
मेरे पास दया नहीं है।
रात के अ-श्वेत उजाले में
आँख मूँदकर देखे गए स्वप्न-सी
वे समस्त कविताएँ—जो मैंने
संसार के सो जाने के मध्य लिखीं; और
जो दिन के शुभ्र अँधेरे में पढ़ी गईं—
एक भिक्षुक की याचना से अधिक
क्या उसकी प्रार्थनाओं का फल थीं?—जिसे
पढ़ना आता यदि तो प्रार्थना नहीं पढ़ पाता!








