विमर्शों की लड़ाई

अमित धर्मसिंहअमित धर्मसिंह18 Jun 1986

1 min read · 12.4K reads

आओ बैठे

उन मुद्दों पर चर्चा करें

जिनका हल नहीं खोजना,

बस उलझाए रखना है।

क्रांति, आंदोलन, विद्रोह को

दबाए रखने का यही

बेहतर उपाय है कि

उन पर विमर्श चलाया जाए।

विमर्श भी ऐसा कि

ज़िंदगी पूरी हो,

मगर विमर्श ख़त्म न हो।

जिनकी आवाज़ बुलंद है,

जिनकी बात में वज़्न है,

जिनके लिखने में धार है,

या जिन्हें सच देखने

और लिखने की आदत हो चुकी है,

सबको विमर्श में घसीटे

और कुछ सौदे करें।

कुछ सम्मान उन्हें दें

कुछ सम्मान उनसे लें,

उपाधियों और पुरस्कारों को

आपस में बाँटे।

ख़ुशी-ख़ुशी

परेशान लोगों को बताएँ :

यहाँ सब ठीक है,

हम सही दिशा में आगे बढ़ रहे हैं

वे बस धैर्य बनाए रखें,

संयम न खोएँ,

हम उनके लिए

आख़िरी साँस तक लड़ेंगे।

अमित धर्मसिंह
About the poet

अमित धर्मसिंह

सुपरिचित कवि-लेखक। तीन कविता-संग्रह प्रकाशित। मूल नाम : अमित धर्मसिंह जन्म : 18/06/1986 | मुज़फ़्फ़रनगर, उत्तर प्रदेश

View profile & all 19 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like