अंबेडकर तुम आज भी
इस देश में उपेक्षित हो,
तुम्हें मानने वाले
तुम्हें जानते नहीं,
जानने वाले मानते नहीं।
तुम्हारे संविधान का
रात-दिन मख़ौल उड़ाते हुए
देश उसी पुराने ढर्रे पर घसीटा जा रहा है
जिससे तुम
बचाना चाहते थे देश को।
बहुतों के दिलों में
तुम आज भी गड़े हो
फाँस की तरह।
जिस अंधी आस्था से
तुम बचाना चाहते थे लोगों को,
तुम्हारे अनुयायी
उसी अंधी आस्था से
बढ़ रहे हैं तुम्हारी तरफ़।
तुमसे,
तुम्हारे तर्कों से,
तुम्हारे मूल्यों से,
न तुम्हारे चाहने वालों का रिश्ता है,
न तुमसे नफ़रत करने वालों का।
अंबेडकर तुम आज भी
इस देश में उपेक्षित हो।








