हे शोषितो!
उठो, जागो!
अपनी बिखरी हुई शक्ति समेटो,
साबित करो कि तुम हो और ज़िंदा हो।
तुम्हारा अभिमान मरा नहीं,
बताओं कि तुम कुछ नहीं भूले,
तुम्हें याद है एक-एक क्रूर चेहरा,
उसे नोचो!
जो हाथ तुम्हारी तरफ़ बढ़े,
उसे काटो!
जो ज़बान ग़लत बोले
उसे हलक़ से खींचो!
साबित करो कि तुम हो और ज़िंदा हो!
मत सोचो कि कोई तुम्हारे साथ है,
अपना साथ ख़ुद दो,
अपने नेता ख़ुद पैदा करो,
अपने लिए
अपनी हर लड़ाई ख़ुद लड़ो,
साबित करो कि तुम हो और ज़िंदा हो!
छोड़ दो उस धर्म को
जो तुम्हें नीचा दिखाता है,
उन देवताओं को घर से निकालो
जो तुम्हारे किसी काम के नहीं,
किसी को अपना मसीहा मत बनाओ,
किसी की बाँट मत जोहो,
किसी के बहकावे में मत आओ,
अपने अधिकार,
अपने सम्मान,
अपनी स्वतंत्रता की ख़ुद रक्षा करो,
साबित करो कि तुम हो और ज़िंदा हो!








