आदी

अमित धर्मसिंहअमित धर्मसिंह18 Jun 1986

1 min read · 12.4K reads

होश सँभालने से पहले ही

हमें डराया गया

हव्वा, कोक्को, लुल्लु से,

पाँव में जेवड़ी बाँधकर

खाट के पावे से बाँधा गया

ताकि हम एक सीमा में ही

घूम-फिर सकें।

बोलना शुरू किया तो

भूत-पिशाचों

और भगवान का भय दिखाकर

हमारी अपार संभावनाओं को

नष्ट किया गया।

गली-मोहल्ले में

बाहर निकलने से पहले

बड़े लोगों की

क्रूरता के क़िस्से सुनाए गए;

उँगलियों पर गिनाए गए

क्रूर लोगों के वर्ग, जाति और धर्म।

बाद में हमने इसे सच पाया

तो हमारे हौसले और पस्त हुए।

अब उस हाथी की तरह

एक कमज़ोर रस्सी से भी

बँधे खड़े रहते हैं हम,

जो बँधकर खड़े होने का

आदी हो चुका होता है।

अमित धर्मसिंह
About the poet

अमित धर्मसिंह

सुपरिचित कवि-लेखक। तीन कविता-संग्रह प्रकाशित। मूल नाम : अमित धर्मसिंह जन्म : 18/06/1986 | मुज़फ़्फ़रनगर, उत्तर प्रदेश

View profile & all 19 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like