क्रूस पर
टाँग दिया गया है आदमी,
उसके जिस्म में
ठोक दी गई हैं बहुत सी कीलें :
मस्तिष्क में धर्म की,
छाती में भय की,
पेट में सब्र की,
एक हाथ में
वोट की,
दूसरे में टैक्स की
पैरों में जड़ता की
कील ठोककर
हवा में लटका दिया गया है आदमी
कानों में अफ़वाह का खौलता हुआ
तेल डालकर,
ज़बान को नारेबाज़ी से कीलकर,
आँखों के सामने
बड़ी स्क्रीन पर चला दी गई हैं
छोटी-छोटी उन्मादी फ़िल्में,
जिससे क्रूस पर लटके होने के बाद भी,
मरने-मारने पर उतारू है आदमी।








