इन घरों में घास क्यों उगी है
कौन रहता था यहाँ
काठ पर ताला किसकी इच्छा से लगाया है
इस आँगन की लीपने वाली स्त्री
और उसका आदमी कहाँ गए
छाती से चिपकाकर नवजात शिशु को
बच्चों की अँगुली पकड़कर
या कंधे पर बैठाकर
कैसे-कैसे गए होंगे
अदम्य साहसी मेहनतकश लोग
किससे हार गए?
मानव पशु और वन
सबकी गणना के बावजूद
वे पेड़ कहाँ गए?








