ज़रा मस्ती से बातें हो जाएँ
बातों से मस्ती हो जाए
दो उलझी गिरह खुल जाएँ
एक हँसी पलटे तो आँखें देर तक चमकें
कुछ रोना भी बह निकले मन से
तो बढ़ाकर हाथ रोकूँ न
रह-रहकर बस यह हवा चले
मन उठने को भी हो तो फिर फिसल जाए
कुछ झरे महुए-सा हाथों पे टप-टप
महके अँधेरी सुबह में हरसिंगार से पटी पड़ी ज़मीन की तरह
पानी की सतह पर काग़ज़ की नाव हो
तैर उठे मन घास की गंध थामे
एक साइकिल हो बारिश के पहिए वाली
झर-झर पानी की रफ़्तार
चलें चींटी का घर देखने
सुबह गहरी हो और ठहरे देर तक
न भागे हर दिन की तरह जल्दी से
वो बेशक चाय न पीए पर बैठे अपने पहलू
आज धूप आए भी तो नया छाता ओढ़े
फिर कपड़े की छेद से सूरज से हँसी मज़ाक़ हो जाए
कूद पड़े चाँद शाम की गोद में
और रात मेरा सिर सुबह तक सहलाए!








