केवल प्यार करना ही ज़रूरी नहीं

आलोक रंजनआलोक रंजन

1 min read · 12.4K reads

कोई केवल

यह कह कर काम नहीं चला सकता

कि मैं तुमसे प्यार करता हूँ

प्यार के लिए

प्यार होते दिखना

बहुत ज़रूरी है

वह दिखना कई तरह से हो सकता है

हो सकता है कि

प्यार ही ऐसी चीज़ हो

जिस पर

आपके प्रेमी का सब कुछ टिका हो

मौक़ा आने पर

सबसे पहले

जब वही आधार टूट जाए

तो कोई भी समझ सकता है

कि ख़ून के आँसू कैसे होते हैं

इसके बावजूद

प्यार एक ऐसी क्रिया है

जिसमें दो लोग होते हैं

दोनों ही महत्त्वपूर्ण

कोई भी रिश्ता

समय के साथ

अपने रंग छोड़ता जाता है

फिर प्यार क्या चीज़ है

ऐसे में प्यार से भाग जाना

व्यक्तिगत सफलता ज़रूर लगती है

कुछ-कुछ आज़ादी की तरह भी

लेकिन यह उस बंधन की हार होती है

जो दो लोग प्रेम में पड़ते ही बाँध लेते हैं

और अपमान उस भाव का जिसे प्यार कहते हैं...

इसलिए प्यार का टूटना तोड़ देता है...

बढ़ा देता है मन के भीतर बहुत कुछ

जो सुंदर नहीं हो

जो किसी हद तक भेद दे मन को,

ख़ुद को...

आलोक रंजन
About the poet

आलोक रंजन

नई पीढ़ी के कवि और गद्यकार।

View profile & all 9 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like