पाँचवें दिन का चाँद
था बहुत मद्धिम,
ऐसा कि
आकाश के उत्तर-पूरब में
किसी ने कभी
एक लगभग तिकोनी-सी लकड़ी जलाई हो
उसकी आग अब
बहुत धीमी पड़ती जा रही हो
चाँद के इस तिकोनेपन में
बहुत-सी गोलाइयाँ भी थीं
पर वह अंततः तिकोन में मिलती थीं।
सड़क पर चलते हुए
बहुत-सी रोशनी मिली
पर ऐसा चाँद
बरबस
अपनी ओर देखने को विवश ही करता था।
रात जब छा रही हो तब
शहर से दूर सफ़र करते जाने में
जो सुख मिलता है
उसको कह देने के लिए
एक नई भाषा चाहिए।
भाषा जो कई बार बहुत सीमित है
साथ ही फैली हुई भी
कि कुछ हुआ न हुआ,
कुछ दिखा न दिखा
झट से भाषा ही ढूँढ़ी जाए
पर जानने की बात है
हाथ आई हुई रात की भाषा!








