पिता

आलोक आज़ादआलोक आज़ाद

1 min read · 12.4K reads

मैं नहीं चाहता

पिता को वृक्ष-सा विशाल

ना ही स्वीकारता हूँ

उस संघर्ष को जहाँ रोटी कमाने

और बनाने के लिए

पिता और माँ की दहलीज़ का बँटवारा हुआ

मैं तो बस इतना चाहता हूँ

कि पिता जब भी

माँ की हथेलियों को

अपनी हथेलियों में ले

नकारे उस इतिहास को जहाँ लिखा गया

कि सारे युद्धों की जड़ में औरतें हैं

और युद्ध के बाद औरतें या तो दासियाँ बनीं

या दासियों से थोड़ी बेहतर रानियाँ बनीं

मैं नहीं चाहता पिता राजा बने

और पितृसत्ता बनी रहे

मैं नहीं चाहता मेरी माँ दासी बने

या राजा की रानी बने।

आलोक आज़ाद
About the poet

आलोक आज़ाद

View profile & all 20 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like