सब सो गए हैं
दिए भी
जो रौशनी है
वह, फिलिप्स और हैवेल के बल्बों की है
एक लुहुरती हुई दीपक की लौ—देखूँ कि,
वह समय सो गया
मेरा उत्सव है—डेढ़ सौ के क्वार्टर में
ठीक से डूब नहीं पाता
हूँ इतनी छोटी मक्खी मैं।
सभी अँधेरे डूब गए है—सभी
रौशनियों के आँसू में
सब आँखे विरूपित हैं—
एक काजल के बिना।
सब चेहरों पर कहकहे हैं—
भाषा के अँधेरों का
सब उंगलियाँ कर्मठ हैं—
अपने विरूपणों के पीछे
हे, काल-प्रकाश तुम!
थम जाओ
भाषा मानवता के छोर पर अटकी पड़ी है।








