नदी से गुज़रते हुए
मुझे कभी नहीं लगा
कि नदी भी गुज़र गई
जबकि
हर चीज़ गुज़र ही जाती है
जिससे मैं गुज़रता हूँ
वह अपनी रह जाने की आदत के कारण
रह गई मुझमें
सभ्यता ने बहुत कुछ ऐसा सिरजा
जो नदियों, फूलों और मछलियों के ख़िलाफ़ है
नाव के चप्पू की आवाज़ में खुन्नस है
मछलियाँ अब खाई जाने के बाद भी
गाली खाती हैं
सभ्यता का सबसे बड़ा उद्घोषक
वही बगुला भगत है
जिसे क़िस्सों में बारहा ख़ारिज किया गया ।
फूलों का मौसम है,
फूल यहाँ रेत हैं,
फिसलते, झड़ते, मरीचिका से।
नदी नहीं गुज़री
वह मेरे मन की रंगावट में
एक किनारी की तरह दर्ज है अब
मैं उसके पास जाता हूँ,
जब-जब चुप होता हूँ
मैं उसके पास नहीं जाता हूँ,
जब-जब मैं नहीं होता हूँ
नदी को नहीं गुज़रने देना
मेरी भी क़ूव्वत है
पानी के लिए बहुत तड़पा हूँ मैं,
एक तस्वीर भी पानी की,
उसके न होने की संभावना से डराती है मुझे।








