उन्हें सूरज नहीं चाहिए

अजीत रायज़ादाअजीत रायज़ादा17 Aug 1947

1 min read · 12.4K reads

सूरज पर पढ़ी हैं और लिखी हैं

बहुत-सी कविताएँ मैंने

रौशनी की बात करती हुई कविताएँ

एक चमचमाते हुए दिन की

उम्मीद दिलाती हुई कविताएँ

जिनमें हैं खिलखिलाकर दौड़ते हुए बच्चे

और ज़िंदगी की गुनगुनी धूप में

अपने गर्भस्थ शिशुओं के लिए

स्वेटर बुनती औरतें

पर आज इतने बरस बाद

मुझे लगता है कि

दुनिया में बहुत-सी जगहें हैं ऐसी

जहाँ सूरज कभी नहीं उगता

दिमाग़ी सड़ाँध के

सन्नाटे भरे माहौल में

कोई सूरज की ज़रूरत नहीं महसूस करता

किसी को ऐसा नहीं लगता

कि अगर रौशनी मर गई

तो मर जाएगा आदमी का वजूद भी

और सब कुछ देखते हुए भी

न देख पाने वाले अंधे

अपनी क़ौम की असामयिक मृत्यु पर

फ़ातिहा पढ़ रहे होंगे!

अजीत रायज़ादा
About the poet

अजीत रायज़ादा

सुपरिचित कवि-लेखक और प्रशासनिक अधिकारी। एक से अधिक पुस्तकें प्रकाशित। 'हाशिए पर आदमी' उल्लेखनीय कविता-संग्रह। मूल नाम : अजीत रायज़ादा जन्म : 17/08/1947 | सीतापुर, उत्तर प्रदेश अजीत रायज़ादा का जन्म 17 सितंबर 1947 को उत्तर प्रदेश के सीतापुर में हुआ। उन्होंने स…

View profile & all 30 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like