सुबह दिन चढ़े
जब उनींदा-सा सूरज
अँगड़ाई लेते हुए उठा
तो पीली, बीमार
मेरी-मरी-सी धूप भी
अनमनी होकर
ओसारे में पसर गई।
रात भर अलाव के पास
पंजों में सिर दिए
दुबकी हुई चितकबरी बिल्ली को
अखर गया
धूप का आलस।
वह उससे
बिना राम-राम किए
पूँछ उठाकर
चल दी खेत की ओर
जहाँ ओस में नहाई गेहूँ की बालियाँ
और
गेंदे, सूरजमुखी, सरसों
सब मिलकर
धूप की
खिल्ली उड़ा रहे थे।








