जो नेह का दीप जलाया उसे कभी बुझने न देना
जीवन के इन तूफ़ानों में प्रीत-डोर कटने न देना।
तुम रूठो तो मन टूटेगा,
जीवन में नीरवता होगी
तुम मुस्काओ स्वर्ग खिलेगा,
हर पल में फिर मृदुलता होगी
मुझको एक बार अपना कर बीच भँवर में छोड़ न देना
जो नौका तट तक पहुँची, उसे कहीं फिर मोड़ न देना।
हृत्तंत्नी के हर कंपन में,
तेरे स्वर की है झंकार
मेरे तपन भरे जीवन में
जलधारा है तेरा प्यार
स्नेह-सिक्त मेरे मन को नहीं विवश हो तोड़ न देना
मेरे सूरज का रिश्ता तुम अँधियारों से जोड़ न देना।








