हम चूक जाते कितनी ही नदियाँ - अजेय

अजेयअजेय18 Sept 1965

4 min read · 12.4K reads

एक नदी हमारे भीतर रहती है
जिस की कोई आवाज़ नही
हमारे अंत: करण को धो डालती है
बिना हमें बताए

एक नदी आस पास बहती है
जिस की कोई शक्ल नहीं
बेरंग
खिलखिलाती
बिना दाखिल हुए हमारी नींद में
संभव कर देती हमारे सपने

एक नदी यहाँ से शुरू होती
जिस की कोई गहराई नहीं
बेखटके उतर जाते हम
बिना उसे छुए
जब कभी

कुछ नदियाँ पहाड़ लाँघती
पठार फाँदती यहाँ तक आतीं
चुपके से डूब जातीं हम में
और हमें पता भी न चलता ........
कितनी ही नदियाँ
कितनी - कितनी बार हमसे
कितनी – कितनी तरह से जुड़तीं रहीं
और हमारा अथाह खारापन
चूक गया हर बार
उन सब की ताज़गी

हर बार चूक गए हम
एक मुकम्मल नदी !

जून/25,2008
अजेय
About the poet

अजेय

View profile & all 111 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like