आप के भीतर से सच्ची आवाज़ें आतीं रहतीं हैं - अजेय

अजेयअजेय18 Sept 1965

7 min read · 12.4K reads

कुछ आवाज़ें
आप की छाती में जमी रहतीं हैं
सम्भव है वे इतनी मरियल हों
कि सन्देह होता हो उन के होने पर
और इतनी पस्त हालत
कि आप कह भी दें
कि वे हो ही नहीं सकतीं

फिर भी इन आवाज़ों को आप सुन रहे हैं
जब कभी, जहाँ कहीं
क्योंकि आप इन्हीं आवाज़ों को सुनना चाहते हैं लगातार
आप हैरान हो जाते हैं
एक दिन अचानक जब वे आप की त्वचा पर
फोड़े-फुंसियों-सी फूट आती हैं
शर्म से आप उन्हें ढकते हैं अपने इन हाथों से
पर ये आवाज़ें
यहाँ ढाँपों तो वहाँ निकल आती हैं
वहाँ ढाँपो तो कहीं और निकल आती हैं
जब कभी निकल आती हैं
हर कहीं निकल आती हैं
वहाँ भी निकल आती हैं
जहाँ आप के ये ताकतवर शातिर हाथ नहीं पहुँच सकते
आप पाएंगे कि ये दबाई छिपाई जा सकने वाली चीज़ नहीं

अलबत्ता आप चाहें तो इन आवाज़ों को
अपने जेबों में भर सकते हैं

या एक पेंसिल पकड़ें
और उन्हें छोटी-छोटी पर्चियों में लिख लें
बाँटें लोगों में
ये गुप्त ताबीज़
तहे दिल से मान लेते हुए
कि आप कमज़ोर थे
अपनी इन कमज़ोर आवाज़ों के साथ
अभी आप तैयार न थे

बाँटें ये बीजमंत्र इस सदेच्छा के साथ
कि कहीं न कहीं
कभी न कभी
बेहद ऊँची
बड़ी असरदार
और निहायत ही ज़िन्दा हो कर
पूरी आज़ादी से गूंज उठें ये
सच्ची आवाज़ें
बिना किसी डर और हिचक और हकलाहट के
किसी भी छाती में
अजेय
About the poet

अजेय

View profile & all 111 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like