भीतर उगा हुआ आदमी - अजेय

अजेयअजेय18 Sept 1965

4 min read · 12.4K reads

वह मुझ से बड़ा नहीं होना चाहता
 
मेरे अनुभवों और प्रभावों के दायरे से
बाहर निकलने की तो सोच भी नहीं सकता

मुझ में ही ,मेरे साथ
एक होकर रहना चाहता है

लेकिन मुझे देखना है उसे अपने से इतर
हर हाल में
हाथ बढ़ा कर करनी है दोस्ती
और मुक्त कर देना है उसे
तमाम दूसरे मित्रों की तरह ......

कि जाओ दोस्त,
 तुम भी हवाओं को चूमो
पेड़ों सा झूमो
चहक उठो पक्षियों की तरह
बादलों सा बरसो
छा जाओ बरफ की तरह पर्वतों और पठारों पर
बस यही एक जीवन है
यही एक दुनिया

भीतर उगा हुआ आदमी खामोश रहता है

मैं बौखलाता हूं

फिर पसीज कर
काँपता हूं / फिर
हो जाता हूं थिर

प्रतीक्षारत
कि वह आदमी


पेड़
पक्षी
बादल
या बरफ बन जाए !

1989
अजेय
About the poet

अजेय

View profile & all 111 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like