आज जब वह जा रही है

अजेयअजेय18 Sept 1965

1 min read · 12.4K reads

 

वह जब थी
तो कुछ इस तरह थी  
जैसे कोई भी बीमार बुढ़िया होती है 
शहर के किसी भी घर में 
अपने दिन गिनती 

वह जब थी 
उससे इस शहर को 
और इस घर को 
नहीं था कोई सरोकार 
कि अपनी पीड़ाओं और संघर्षों के साथ 
वह कितनी अकेली थी 

कहाँ शामिल था ख़ुद मैं भी 
उस तरह से 
उसके होने में
जिस तरह से कि इस अंतिम यात्रा में हूँ? 

आज जब जा रही है वह 
तो रो रहा है घर 
स्तब्ध है शहर 
खड़ा है कोई हाथ जोड़ कर 
और कोई सरक गया है दुकान मे मुँह फेर कर 

आज जब वह जा रही है 
भीड़ ने रास्ता दे दिया है उसे सहम कर 

भारी-भरकम गाड़ियाँ गुर्राना छोड़ 
दो पल के लिए एक तरफ़ हो गई हैं 
चौराहे पर उस वर्दीधारी सिपाही ने भी 
अदब से सलाम ठोक दिया है! 

आज जब वह जा रही है 
तो लगने लगा है सहसा 
मुझे 
इस घर  को 
और पूरे शहर को 
कि वह थी... 
वह थी 
और अब नहीं रही!

 माँ की अंतिम यात्रा से लौटने पर    

अजेय
About the poet

अजेय

View profile & all 111 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like