अकड़
रंग-बिरंगे पहाड़
रूह न राग
ढोर न डंगर
न बदन पे जंगल...
अलफ नंगे पहाड़!
साँय साँय करती ठंड में
देखो तो कैसे
ठुक से खड़े हैं
ढीठ
बिसरमे पहाड़!
चुप्पी
काश ये पहाड़
बोलते होते
तो बोलते
काश
हम बोलते होते
सुरंग
पर ज़रा सोचो गुरुजी
जब निकल आएगा
इसकी छाती में एक छेद
और घुस आएँगे इस स्वर्ग में
मच्छर
साँप बंदर
टूरिस्ट
और ज़हरीली हवा
और शहर की गंदी नीयत
और घटिया सोच, गुरुजी
तब भी तुम इन्हें ऐसे ही बनाओगे
अकड़ू और ख़ामोश?
चित्रकार सुखदास की पेंटिंग्ज़ देखते हुए








