सभ्यता के साथ

अहर्निश सागरअहर्निश सागर

1 min read · 12.4K reads

मेरे घर में

मैं गेहूँ के बीच पारे की तरह गिरा हुआ हूँ

पाटों के बीच पीसे जाने से पहले

एक स्त्री के हाथ मुझे बचा लेंगे

उसके साहचर्य के ख़ातिर

मैं जीवन की सरहद पर रहा

इतना कमतर था जीवन

कि उस स्त्री का माक़ूल हिस्सा

मृत्यु की हद में रह गया था

हे ब्रह्मांड की वालिदा!

तुमने क्या सोचकर

मेरे छोटे से घर में

मेरा जूठन खाया था?

‘बुलबुल,

वसंत की प्रेमिका

पतझड़ की पुत्री

अपने नाम के बरअक्स कितनी छोटी?

अपने हिस्से की जगह जीवन को पुन: सौंपकर

धरती से लगभग ग़ायब-सी’

उसने बताया मुझे—

एक पुरुष को बुलबुल की तरह होना चाहिए

मैं दुःख में जितना

दारुण हो जाता हूँ

वह उतनी ही करुण हो जाती है

एक सभ्यता का क्षरण हो रहा हैं

और क्या हो सकता था

एक स्त्रीविहीन सभ्यता के साथ?

अहर्निश सागर
About the poet

अहर्निश सागर

नई पीढ़ी के कवि।

View profile & all 24 Poems / Stories