छत, छाता, जादू
कुछ भी नहीं बचा है जादूगर के पास अब।
सुबह होते
धूप निकलते
चार दीवारों पर ढक्कन-सी रखी छत
सरक कर
दीवारों के ढाँचे को बना देती है खंडहर
दिन भर के लिए।
जादूगर अब भी कभी-कभी
घुमाता है जादू की छड़ी
'आबरा का डाबरा'
बोलता है और रूमाल से
उड़ती निकल आती हैं तितलियाँ।
तितलियाँ
काली-लाल तितलियाँ
जर्जर छातों पर बैठ
घूरती हैं
दीवार-आसमान-सड़क
मगर छत
जस की तस।
खुली रहती है दिन भर
दीवारों के बीच का ढाँचा बना रहता है खंडहर!








