स्त्री के अंदर अगर झाँक सको
तो देखना
वहाँ असंख्य कविताएँ
आज भी दम तोड़ रही है
चूल्हे की भट्टी
परिवार की ज़िम्मेदारी
बच्चों के प्रति ख़ुद का समर्पण
इन सबों की जगह
हो सकती थी कविता
चूल्हे की भट्टी ने
कितनी ही कविताएँ जलाकर राख कर दीं
परिवार और बच्चों के प्रति ख़ुद का समर्पण
उस जमा-पूँजी की तरह है
जहाँ ब्याज की दरों के बदले
कविताओं की अस्थियाँ प्रवाहित होती हैं
जहाँ एक तरफ़ कवि
कविता लिखने की जद्दोजहद में लगा है
वहीं स्त्री ने कविताओं का त्याग कर
कविता लिखने से बेहतर
उसे जीना चुना
ऐसा हम सोच सकते हैं
कह नहीं सकते
क्योंकि उसे समझना कठिन है
त्याग करना उसके दैनिक जीवन का एक हिस्सा है
जिसे कई बार उसे उसका शौक़ समझ लिया जाता है
कई बार कविताएँ
घर की दहलीज़ पार करना भी चाहती है
किंतु रूढ़िवादी समाज और हमारी संस्कृति
लट्ठ लिए दरवाज़े पर खड़ी होती है
तब वे ख़ुद का मूल बचाने की ऊहापोह में
ख़ुद को कहीं भूल बैठती हैं
या यूँ कहूँ
अस्तित्वविहीन हो जाती है
और हम अपनी आँखों के सामने
उनकी मृत्यु पर हास्य-विनोद कर
अपनी ताक़त की नुमाइश करते हैं
यह भूलकर कि उनके हत्यारे हम स्वयं हैं
जो कविताएँ स्त्री-विमर्श पर लिखी जाती हैं
दरअस्ल,
वे कविताएँ नहीं
दुख, वेदना और अवसाद की भट्ठी से
तपकर निकला हुआ वह इस्पात है
जिसे हम सब अपने-अपने तरीक़े से
औज़ार बनाने में इस्तेमाल करते हैं।








