त्राण

आदर्श भूषणआदर्श भूषण

1 min read · 12.4K reads

दो ज़िंदा प्रेमियों का प्रेम

कभी एक जैसा नहीं दिखता

यह हो सकता है कि

एक मन देखता हो और

एक त्राण की संभावना

दो ज़ंग खाई तलवारें

अलग-अलग युद्धों से आई हों

ऐसा हो सकता है

एक ने अपने पूर्वजों का ख़ून देखकर

तज दी हो अपनी धार

एक ने काटा हो लोहा अपने मालिक का और

अपराधबोध में सड़ती चली आ रही

दो मिट्टी के बर्तन

साथ में न टूटे हों

एक अविश्वास में टूटा हो

एक कर्तव्य-परीक्षण में

यह भी संभव है

दो चोट खाए पक्षी

अपने घरों का पता भूलकर

एक ही आश्रय में आ बैठे हों

एक बहेलिये का पिंजड़ा तोड़कर भागा हो और

एक अपने ही घोंसले से गिरा हो

लौट चुके झंझावात की चपेट में आकर

सीखना दोनों को उड़ना ही है

दो नदियाँ एक दिशा में न बही हों

लेकिन उनकी धारों ने पकड़ लिया हो

एक दूसरे का हाथ

बाँट लिया हो अपने दुःख का पानी

कि जाकर न बहाना पड़े नमक

ऐसे पारावार में

जिसे स्वयं अपने खारेपन का अनुमान न हो

दुःखों का रंग एक जैसा होता है

दुःख या तो पारदर्शी होते हैं

या फिर स्याह

आदर्श भूषण
About the poet

आदर्श भूषण

नई पीढ़ी के कवि-लेखक और अनुवादक।

View profile & all 24 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like