स्त्रीत्व का अनुपात

आदर्श भूषणआदर्श भूषण

1 min read · 12.4K reads

मेरे शब्द हमेशा अधूरे रहे

कविताओं के मध्य

सिर्फ़ उन भावों में

जहाँ पौरुष को

स्त्रीत्व के समानुपात में रहना था

लेकिन शब्दों के अनुतान में

बड़े बेढब तरीक़े से

व्युत्क्रम में चला गया

कई कोशिशें की मैंने

लेकिन एक स्त्री के

ब्रह्मांड में झाँकते हुए

सिर्फ़ मैं अपने शब्दों को सँभाल पाया

भाव कहीं पीछे रह गए

शब्दों का ही विरोधाभास

हमेशा व्याकरण की एक

किताब को तलाशने पर

विवश करता रहा

किंतु कुछ परिभाषाएँ

जो किसी

नियत और प्रायोजित

उद्देश्य के लिए

मेरे आवरण में

बड़ी बारीकी से गढ़ दी गईं

उनके ऊपर आश्रित मेरे

ये शब्द हमेशा

एक अतिरिक्त अर्थ की तलाश में

अपने पर्यायवाची ढूँढ़ते रहेंगे।

आदर्श भूषण
About the poet

आदर्श भूषण

नई पीढ़ी के कवि-लेखक और अनुवादक।

View profile & all 24 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like