पेट और दिमाग़

आदर्श भूषणआदर्श भूषण

1 min read · 12.4K reads

एक नई सुबह

जिसकी ओट में

एक पुरानी शाम का सूरज ढल गया है

थकी हुई लौट रही है

नएपन में क्लांति का बिम्ब

आह! यह कैसा अन्याय

युद्धों की रात कभी पूरी नहीं ठहरी

ऊषा को रक्तपात देखने आना पड़ता है

जो दूर क्षितिज पर रक्तवर्णी व्योम

विजय के जयघोष में डूबा है

उसपर पुता ख़ून मेरे पूर्वजों का है

जिसे लेकर वह शाम किनारे चल देता है

धो नहीं पाता सदियों के निशान

वैसे ही लौटता है

सूखे शोणित व्यंजकों से भरा

छिले घुटने लिए

त्यक्त को कैसा न्याय

चाहे वह भोजन हो या शरीर

समय कफ़न बेचनेवाला प्रेत है

जिसकी दुकान में कोई घड़ी नहीं

अभाव के दुर्दिनों में

भूख और मौत कभी भी आ जाते हैं और

कभी-कभी तो साथ भी

युद्ध हमेशा हथियारों से लड़ा जाए

ऐसा सोचना एक तरह का वैचारिक संकुचन है

इस पृथ्वी पर सबसे ज़्यादा युद्ध

पेट और दिमाग़ के बीच हुए हैं।

आदर्श भूषण
About the poet

आदर्श भूषण

नई पीढ़ी के कवि-लेखक और अनुवादक।

View profile & all 24 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like