जिन बच्चों ने युद्ध देखे
उन्होंने या तो बंदूक़ों, युद्धपोतों,
मारक विमानों में रंग भरा
या फिर ख़ाली कर दिया उन्हें रंगों से
जिन्होंने देखी भूख
उन्होंने रोटी को काला किया
और रात को उजला
जिन्होंने देखा टूटा घर
उन्होंने बनाई ईंटें
गली-मोहल्लों की दीवारों पर
जो बच्चे वंचित रहे
पारिवारिक सुख से
दुनिया लावारिस कहती रही जिन्हें
उन्होंने या तो उकेरी ममता
या देते रहे जवाबी गालियाँ
जिन्होंने जलते मकान देखे
उन्होंने पानी बनाया
जिन्होंने डूबते मकान देखे
उन्होंने नाव बनाई
जिन्होंने देखी ढलती छाँव
उन्होंने बनाए पेड़
जिन्होंने देखे सूखते गाँव
उन्होंने बनाए खेत
शैशव का कोई अपना रंग नहीं है
वह या तो सादे पन्ने को
अपनी असमर्थता से भर देता है
या फिर संभावना से।








