दुत्कार

आदर्श भूषणआदर्श भूषण

1 min read · 12.4K reads

जेठ का ताप

झेलते हुए भी जिन वक्षों का

क्षीर नहीं सूखा था

सरकारी वायदों के

पूरा होने के इंतज़ार में

शोणित हो चले हैं

पिघलते कोलतार पर

डग नापते हुए

जिनकी चप्पलों की परतें नहीं उधड़ीं

आला अफ़सरों के

दफ़्तर में पड़ी कीलें

सीधे उनकी छातियों के व्रणों में जा धँसी

वज्रपात तक झेल जाने वाली

मिन्नतों से सरमाया

जो छतें कभी नहीं गिरीं

पिछले चुनावी फ़रमानों में

उन पे अदालती ओले बरसे

भू-गर्भ में पुरातत्त्व का एक अंश बन गईं

वेदना से भरी तमाम कविताओं ने

संघर्ष का यशगान किया

मरी हुई अपेक्षाओं को

जीवनदान नहीं दे पाईं

‘प्रेम’ कविताओं का अतिरेक बन गया

और वेदनाएँ मौजूदा अवसर

लौटे हुए कल और

गुज़रने वाले कल के बीच

सारी उपमाएँ धरी रह गईं

मनुष्य दुत्कार से ज़्यादा कुछ न पा सका

आशंकाओं के बोझ तले

अपने घर से दिशाहीन

किसी पराए शहर की सड़क पर

चलते-चलते मारा गया।

आदर्श भूषण
About the poet

आदर्श भूषण

नई पीढ़ी के कवि-लेखक और अनुवादक।

View profile & all 24 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like