आदमियत से दूर

आदर्श भूषणआदर्श भूषण

1 min read · 12.4K reads

आदमी क्या करता है

जुगुप्साओं से आक्रांत होकर

चीख़ने के बाद

गहरे मौन में चला जाता है

आदिम हथियारों पर धार लगाता है

नोचता-बकोटता है

फिर नाख़ून काटकर

अपने सभ्य होने का प्रमाण देता है

कुत्सित ईप्साओं में लिप्त

अपनी अव्यवस्थाओं के प्रहर गिनता है

पूर्वाह्न में इष्ट को भोग लगाता है

प्रदोष में दीवारें चाटता है

जटिलताओं के स्वाँग करता है

रंग बदलने वाली और हुक्म बजाने वाली

बाज़ारू कुर्सियाँ बनाता है

उन पर बैठकर ख़ुद को बेचता है

और अट्टहास करता है

आदमी आदमियत से चिढ़ता है

उससे दूर भागता है

सातवें आसमान पर चढ़कर

अपनी छतों-छपरियों पर थूकता है

विज्ञान के अनुसार

आदमी विकास के क्रम में

जब डैनुविअस था

तब उसने ज़मीन पर चलने से पहले

पेड़ों पर दो पैरों से चलना सीखा था

आधुनिक आदमी उपयोगितावादी है

जब सारे पेड़ काट लेगा

तब ज़मीन काटने की नींव रखेगा।

आदर्श भूषण
About the poet

आदर्श भूषण

नई पीढ़ी के कवि-लेखक और अनुवादक।

View profile & all 24 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like