तुम

अदनान कफ़ील दरवेशअदनान कफ़ील दरवेश30 Sept 1994

1 min read · 12.4K reads

जब जुगनुओं से भर जाती थी

दुआरे रखी खाट

और अम्मा की सबसे लंबी कहानी भी

ख़त्म हो जाती थी

उस वक़्त मैं आकाश की तरफ़ देखता

और मुझे वह

ठीक जुगनुओं से भरी खाट लगता

कितना सुंदर था बचपन

जो झाड़ियों में चू कर

खो गया

मैं धीरे-धीरे बड़ा हुआ

और जवान भी

और तुम मुझे ऐसे मिले

जैसे बचपन की खोई गेंद

मैंने तुम्हें ध्यान से देखा

मुझे अम्मा की याद आई

और लंबी कहानियों की

और जुगनुओं से भरी खाट की

और मेरे पिछले सात जन्मों की

मैंने तुम्हें ध्यान से देखा

और संसार आईने-सा झिलमिलाया किया

उस दिन मुझे महसूस हुआ

तुमसे सुंदर

दरअसल इस धरती पर

कुछ भी नहीं था।

अदनान कफ़ील दरवेश
About the poet

अदनान कफ़ील दरवेश

View profile & all 73 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like