बचपन में मुझे
माँ और पिता के बीच में
सुलाया जाता
मेरी नींद कभी-कभार बीच रात में ही
टूट जाती
और मैं उठते ही
माँ को ढूँढ़ता।
घुप्प अँधेरे में
एक जैसे दो शरीरों में
मैं अंतर नहीं कर पाता
इसलिए मैं अपनी तरफ़ ढुलक आए
दोनों चेहरों को टटोलता
पिता की नाक काफ़ी बड़ी थी
सो मैं उन्हें पहचान जाता
मेरे लिए जो पिता नहीं थे
वो ही माँ थी
इस तरह मैंने अँधेरे में
माँ को पहचानना सीखा।








