सवर्णों को चेतावनी - अछूतानन्दजी हरिहर

Swami Achutanand 'Harihar'अछूतानन्दजी हरिहर6 May 1879 – 20 Jul 1933

8 min read · 12.4K reads

राम-कृष्ण की पूजा करके चंदन-तिलक लगाते हो।
किंतु कुकर्मों के करने में, नेक न कभी लजाते हो॥
लकड़ी और नमक को धोकर चौके में ले जाते हो।
पर हमने आँखों देखा है, होटल में तुम खाते हो॥

यद्यपि हमारे लिये कुओं का, पानी बन्द कराते हो।
पारटियों में पर तुम जूठा पानी भी पी जाते हो॥
मन्दिर में हम जाते हैं, तो बाहर हमें भगाते हो।
बड़ी-बड़ी शानें भरते हो, हमें अछूत बतातेहो॥

किन्तु मन्दिरों में तुम पशु बन, अपनी लाज गँवाते हो।
देव-दासियों के संग में नित काले पाप कमाते हो॥
संड मुसंड पुजारी रखकर अबलों को फुसलाते हो।
इस प्रकार तुम धर्म नाम पर महाठगी कर खाते हो॥

छाया पड़े हमारी तुम पर, तो दो बार नहाते हो।
किन्तु यवन के साथ खुशी से हँसकर हाथ मिलाते हो॥
हम सेवा करते हैं जब तक, तब तक तुम ठुकराते हो।
किन्तु विधर्मी बन जाने पर अपने साथ बिठाते हो॥

हमको देख घृणित भावों को मन में सदा जगाते हो।
पास बिठाते हो कुत्ते को, हमको दूर भगाते हो॥
हमको तो ठुकराते हो तुम, उनको गले लगाते हो।
जिनको गोभक्षी कहते हो, जिनको यवन बताते हो॥

दंगे जब होते हैं, तब तुम दुबक घरों में जाते हो।
बहु-बेटियों तक की लज्जा डरकर नहीं बचाते हो॥
कभी जनेऊ को तुड़वाकर चोटी तक कटवाते हो।
ठाकुर-पूजा तिलक लगाना, भूल सभी तब जाते हो॥

त्राहि-त्राहि कर घर भीतर से तब हमको चिल्लाते हो।
काम हमीं तब आते, पर तुम हमको ही लड़वाते हो॥
होकर ऋणी हमारे ही तुम, हम ही को ठुकराते हो।
हम सेवा करते हैं, पर तुम हमको नीच बताते हो॥

हम तो शुद्ध-बुद्ध मानव हैं, पर तुम परख न पाते हो।
घुसे छूत के कीड़े सिर में, इससे तुम चिल्लाते हो॥
हम करते अब छूत-झड़ौवल, ठहरो, क्यों घबराते हो?
संभलो! क्यों अपने ही हाथों नष्ट हुए तुम जाते हो॥
Swami Achutanand 'Harihar'
About the poet

Swami Achutanand 'Harihar' अछूतानन्दजी हरिहर

स्वामी अछूतानन्द 'हरिहर'(1879 - 1933) दलित चेतना प्रसारक साहित्यकार तथा समाजसुधारक थे। उनका मूल नाम 'हीरालाल' था। उनका जन्म उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले में हुआ था। उन्होने 'आदि-हिन्दू' आन्दोलन चलाया।और भारत में ब्रिटिश साम्राज्य विरोधी आन्दोलन का विरोध किया।…

View profile & all 30 Poems / Stories

More from Swami Achutanand 'Harihar'

  1. आल्हा - अछूतानन्दजी हरिहर

    पहले सुमरों सतगुर स्वामी, दीन्हा लौकिक आतम ज्ञान,ब्रह्म रूप चेतन घट-घट में, व्यापक सकल सृष्टि दरम्यान।

    12.4K reads
  2. कवित्त - अछूतानन्दजी हरिहर

    स्वामी दयानन्द ने यों खेद ले विचार किया,वेद अधिकार यदि शूद्रन ना बतायेंगे।

    12.4K reads
  3. आदि-वंश का डंका - अछूतानन्दजी हरिहर

    आदि हिन्दू का डंगा बजाते चलो।कौम को नींद से जगाते चलो।

    12.4K reads
  4. प्रभात फेरी (कव्वाली) - अछूतानन्दजी हरिहर

    ऐ आदि-वंश वालो! जागो, हुआ सवेरा।अब मोह-नींद त्यागो, देखो हुआ उजेरा॥

    12.4K reads
  5. आत्म-विज्ञान (भजन) - अछूतानन्दजी हरिहर

    था हमको नहिं यह ज्ञान, आदि-मत हिंद-निवासी थे। टेकविद्या से पता लगाया, गुरुता गौरव दर्शाया।

    12.4K reads

More Poetry & Stories You May Like