मैंने पूछा डूबते हुए सूरज से
तुम्हें देख वह पक्षी क्यों घर लौटता है?
मैंने पूछा उड़ते हुए पक्षी से
क्यों तुम व्यर्थ गगन गुंजाते हो?
मैंने पूछा विस्तृत श्याम गगन से
क्यों तुम मेघों के पीछे मुँह छुपाते हो?
पूछा मैंने मेघों से
क्यों तुम धरती पर छाये-छाये जाते हो?
धरती से पूछा – बोलो तुम
क्यों बोझ मेरा उठाती हो
क्यों इन नन्हे पौधों को
जन्म दे हर्षाती हो ?
नन्हे पौधों से बोला – बोलो तुम
किस हेतु यूँ सर उठा लिया?
सरों से पूछा – बताओ तो
तनने ही में आनंद क्या भला ?
तने हुए पर्वत से पूछा –
क्यों उस झरने को झर-झर बहाते हो?
बहते झरने से पूछा –
इतनी तड़प से क्यों इतने दौड़े भागे जाते हो?
उत्तर कहीं बाहर से नहीं
स्वयं से ही मिला
सोचा – अरे व्यर्थ ही तो भरमाता हूँ
वह कौन? वह क्या? वह कहाँ?
का उत्तर पाने जाता हूँ ?
(२६.६.९७)








