सुनती हूँ यह सब कुछ डरी हुई

आभा बोधिसत्वआभा बोधिसत्व18 Sept 1969

1 min read · 12.4K reads

मैं बाँझ नही हूँ

नहीं हूँ कुलटा

कबीर की कुलबोरनी नहीं हूँ

न केशव की कमला हूँ

न ब्रहमा की ब्रह्माणी

न मंदिर की मूरत हूँ

नहीं हूँ कमीनी, बदचलन छिनाल और रंडी

न पगली हूँ, न बावरी

न घर की छिपकली मरी हुई

फिर भी

मैं सुनती हूँ यह सब कुछ डरी हुई

नींद में सुनती हूँ गालियाँ दुत्कार

मुझे दुत्कारता यह

कौन है... कौन है... कौन है...?

जो देता है सुनाई

पर नहीं पड़ता दिखाई

हर तरफ छाया बस

मौन है... मौन है... मौन है…

आभा बोधिसत्व
About the poet

आभा बोधिसत्व

इस सदी में सामने आईं हिंदी कवयित्री। मूल नाम : आभा बोधिसत्व जन्म : 18/09/1969 | हावड़ा, पश्चिम बंगाल

View profile & all 10 Poems / Stories