अब ऐसा कुछ नहीं बचा जीवन में
सब कुछ बीत चुका है जीवन में
हो चुका नहीं जो पहले ही जीवन में
ऊब चुका हूँ प्रार्थनाओं, आह्वानों
चीख़ों और पुकारों से
जर्जर मन, कमीनी काया और वीरान आत्मा की कारगुज़ारियों
आतंकित हूँ
इश्क़ के कारोबार में दिवालिया
घोषित हो चुका हूँ
उठाईगीर कामनाओं से
लुटेरी महत्वाकांक्षाओं से
टुच्ची दुश्मनियों से
टुकड़ख़ोर मित्रताओं से
पिट-पिटकर समतल
हो चुका हूँ
मैं कनपटी पर तनी
एक भरी रिवॉल्वर हूँ
थामे रहोगे मेरा हाथ
कब तक?








