अना की चादर उतार फेंके मोहब्बतों के चलन में आए - ज़िया ज़मीर

ज़िया ज़मीरज़िया ज़मीर7 Sept 1977

4 min read · 12.4K reads

अना की चादर उतार फेंके मोहब्बतों के चलन में आए
कभी तो ख़ुद को बयान करने तू यार मेरी शरन में आए

कभी तो आए वो एक लम्हा कि फ़र्क कोई रहे न हममें
तेरे गुलाबी बदन की ख़ुशबू कभी तो मेरे बदन में आए

चहक उठे तो लगे कि जैसे चटक रहीं हों हज़ार कलियाँ
अगर छिपे तो वो सिर्फ़ ऐसे कि चाँद जैसे गहन में आए

ठहर न जाए गुलाब में ही, सिमट न जाए हिजाब में ही
वो मेरी साँसों की सीढ़ियों से उतर के मेरे बदन में आए

मेरी सी हसरत, मिलन की चाहत कभी तो रूख़ से अयाँ हो तेरे
मोहब्बतों की कोई इबारत तेरी जबीं की शिकन में आए

मज़ा तो जब है हमारा जज़्बा तेरे गुमाँ को यक़ीन कर दे
मज़ा तो जब है तेरी तमाज़त हमारे भी तन-बदन में आए
ज़िया ज़मीर
About the poet

ज़िया ज़मीर

View profile & all 20 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like