साँझ सवेरे एक ही चाहत
बंधु मेरे एक ही चाहत
बंजर धरती पर कोई बादल
शीतल निर्मल जल बरसाए
मुरझाए पेड़ों पत्तों की
प्यास बुझाए, आस जगाए
जल थल कर दे इतना बरसे
हरियाली को देवे दावत
साँझ सवेरे एक ही चाहत
बंधु मेरे एक ही चाहत
पर्वत-पर्वत पर कोई सूरज
खिल-खिल हँसती धूप खिलाए
कहीं कोई सीतो, सर्दी से
ठिठुर न जाए, मर न जाए
गद्दी गुज्जर रहें चैन से
चीड़ों का वन बख़्शे राहत
साँझ सवेरे एक ही चाहत
बंधु मेरे एक ही चाहत
दौलत की देवी धरती पर
आकर नाम न ले जाने का
कोई भी मानव डुग्गर का
रात को सो न जाए भूखा
दूर-दूर तक कहीं मिले न
दु:ख के साए दर्द की आहट
साँझ सवेरे एक ही चाहत
बंधु मेरे एक ही चाहत
बंजर धरती पर कोई बादल
शीतल निर्मल जल बरसाए
मुरझाए पेड़ों पत्तों की
प्यास बुझाए आस जगाए
जल-थल कर दे इतना बरसे
हिरयाली को देवे दावत।








