लड़की

उत्पल बैनर्जीउत्पल बैनर्जी25 Sept 1967

1 min read · 12.4K reads

लड़की को बोलने दो लड़की की भाषा में

सुदूर नीलाकाश में खोलने दो उसे

मन की खिड़कियाँ,

उस पार शिरीष की डाल पर बैठा है

भोर का पहला पक्षी

पलाश पर उतर आई है प्रेमछुई धूप

उसे गुनगुनाने दो कोई प्रेमगीत

सजाने दो सपनों के बंदनवार

बुनने दो कविता

भाषा के सूर्योदय में मन की बात कहने दो उसे

अंतहीन पीड़ा के नेपथ्य से फूटने दो

निशिगंधा की किलकारियाँ,

सदियों से बँधी नाव को जाने दो

सागर की उत्ताल तरंगों में

आदर्श शिखरों से उतर आना चाहती है लड़की

भविष्य की पगडंडियों पर

उसे रोको मत

उसे चुनने दो झरबेरी सीप और मधुरिमा

करने दो उसे उपवास और प्रार्थनाएँ

रखने दो देहरी पर दीप

उसे मत रोको प्रेम करने से

अगर सचमुच बचाना चाहते हो

सृष्टि की सबसे सुंदर कविता को

तो... आग की ओर जाती लड़की को रोको

रोको—उसके जीवन में दोस्त की तरह प्रवेश करते

दुःख और विवशता को

रोको उसे दिशाहीन होकर नदी में डूबने से

रोको—‘सब कुछ’ को ‘कुछ नहीं' हो जाने से!

उत्पल बैनर्जी
About the poet

उत्पल बैनर्जी

View profile & all 37 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like