अरुणा शानबाग का कमरा - उषा राय

उषा रायउषा राय1 Sept 1963

3 min read · 12.4K reads

क्या केवल एक पत्ता है
अरुणा शानबाग का कमरा
जो समय की हवा पाकर उड़ जाएगा

या कि भूल जाएँगी दीवारें उसकी
गूँगी नीली दर्द में डूबी चीत्कारें

किस नियम से बेधता रहा
काल ! पूरे बयालिस साल

कौन-सी है वह सत्ता
जो हुक़्म देती है
कि औरत होने के नाते
नर्स अरुणा चेन में बाँधी जाए
और तेज़ाबी लार गिराता कुत्ता
सड़क पर शान से टहलता रहे

क्या केवल मुठ्ठी भर रेत है
अरुणा शानबाग का कमरा
जिसे कोई लहर बहा ले जाएगी

क्या केवल कमरा भर है
अरुणा शानबाग का कमरा ?
उषा राय
About the poet

उषा राय

View profile & all 6 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like