सुख

उपांशुउपांशु

1 min read · 12.4K reads

उम्र कट जाती है क्रमबद्ध अपनी, सुख के दो क्षण जुटाने के ख़ातिर

और तीमारदारी चलती रहती है इस दौरान कर्मबद्धता की हर ओर।

कई वाक़िये, कर्मशीलों की अर्थसाधना के, सुखांत की तलाश में

अनगिनत तिलिस्मों से मकान की नींव डालने वालों के और

बाक़ायदा सुख सीखने वालों के, सादगी मुस्कुराहटों की ज़ेहन से

उधेड़ देते हैं। किसी की आँखों तक सिमटे आँसुओं में सिमट जाना

हो जाता है अपरिचित (इस वक़्त तक) तमाम मुश्किलातों के

पश्चात वो अपरिहार्य मुस्कान निरर्थक। शब्द होते हुए भी शब्द नहीं

होते; आख़िर कैसे लिखे पत्ती कोई कुहासे की नमी का एहसास

सब्ज़ चर्म पर। एहसास जो नमी बने अपने चर्म पर और होंठों का

आवरण बिखेर जाए दंतुरित मुस्कान पर; ऐसे अवसर हैं राह पर

बिखरी कविताएँ जो आख़िरी मक़ाम से चंद क़दम पहले ही, लौट

आने की ज़िद करें कि फ़िरदौस के झिलमिलाते गलियारियों में

रूह चख तो ले पराग वो जो जीते जी नसीब हुई भी तो चुटकी भर।

उपांशु
About the poet

उपांशु

नई पीढ़ी के कवि-लेखक। मूल नाम : उपांशु जन्म : पटना, बिहार

View profile & all 19 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like